स्थापना

सिन्धी साहित्य अकादमी मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत सिन्धी भाषा, साहित्य, कला एवं संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार हेतु समर्पित एक प्रमुख संस्था है। इसकी स्थापना वर्ष 1983 में की गई थी। वर्ष 2002 से 2006 तक यह साहित्य अकादमी, भोपाल के अंतर्गत सिन्धी प्रभाग के रूप में कार्यरत रही, जबकि वर्ष 2007-08 से अकादमी अपने वर्तमान स्वरूप में निरंतर सक्रिय है।

अकादमी का मुख्य उद्देश्य सिन्धी समाज के सभी वर्गों में सिन्धी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु अकादमी वर्ष भर विविध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन करती है, जिनमें सिन्धी अदबी संगत, व्याख्यान, कवि सम्मेलन, कार्यशालाएँ, प्रशिक्षण शिविर तथा प्रसिद्ध सिन्धी साहित्यकारों और कलाकारों की स्मृति में विशेष कार्यक्रम शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त अकादमी द्वारा सिन्धू मशाल पत्रिका का प्रकाशन किया जाता है तथा सिन्धी साहित्य लेखन को बढ़ावा देने के लिए पांडुलिपि प्रकाशन हेतु आंशिक आर्थिक अनुदान भी प्रदान किया जाता है। अकादमी मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों एवं सिन्धी बहुल क्षेत्रों में आयोजनों के माध्यम से सिन्धी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सतत प्रयासरत है।